भारत ने चौथी बार हॉकी एशिया कप पर कब्जा किया
Share
राजगीर, 7 सितम्बर
भारत ने मेंस हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब जीत लिया। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने 2026 के वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई भी कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत में ही सुखजीत सिंह ने भारत को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने गोल कर स्कोर 2-0 किया। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने एक और गोल किया। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। साउथ कोरिया की ओर से सोन डायन ने इकलौता गोल किया।
इस जीत के साथ भारत ने एशिया कप का चौथा खिताब अपने नाम किया। टीम ने इससे पहले 2017 में मलेशिया को फाइनल हराकर यह ट्रॉफी जीती थी। साउथ कोरिया अब दूसरी बार रनर-अप रही। भारत ने 2007 में भी कोरिया को फाइनल में हराया था। टीम इंडिया की शानदार रणनीति, तेज पासिंग और गोल्डन फिनिश ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई।
