LOADING

Type to search

राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के लिए कांग्रेस की बड़ी तैयारी

National

राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के लिए कांग्रेस की बड़ी तैयारी

Share

बिहार से होगी शुरुआत, संजीव सिंह को बनाया गया मुख्य मीडिया संयोजक

नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 अगस्त से बिहार के सासाराम से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। यह यात्रा मतदाता सूची से 65 लाख नामों को हटाए जाने के मुद्दे को लेकर निकाली जा रही है। कांग्रेस इस यात्रा को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में देख रही है।

65 लाख वोटरों के नाम हटाने का मामला उठाएंगे राहुल गांधी
कांग्रेस का दावा है कि बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान 65 लाख लोगों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। राहुल गांधी इस यात्रा के दौरान चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला करार देंगे। कांग्रेस इस मुद्दे को बिहार की जनता से सीधे जोड़कर एक जनआंदोलन के रूप में खड़ा करने की रणनीति बना रही है।

मीडिया प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय टीम गठित, संजीव सिंह को सौंपी कमान
कांग्रेस ने इस यात्रा के प्रचार और मीडिया कवरेज के लिए एक छह सदस्यीय राष्ट्रीय मीडिया टीम गठित की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के मीडिया विभाग के मुख्य संयोजक संजीव सिंह को इस टीम का प्रमुख बनाया गया है। टीम का गठन कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा द्वारा किया गया है।

इन चेहरों को मिली टीम में जगह
संजीव सिंह के अलावा टीम में सुप्रिया भारद्वाज, अरुण कुमार त्रिपाठी, ऋतु चौधरी, प्रकाश मीणा और डॉ. टीना करमवीर को बतौर संयोजक शामिल किया गया है। यह टीम राहुल गांधी की यात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया में मजबूती से प्रस्तुत करने का कार्य करेगी।

बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस का सबसे बड़ा जनसंपर्क अभियान
सासाराम से शुरू हो रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को कांग्रेस का बिहार विधानसभा चुनाव से पहले का सबसे बड़ा सीधा जनसंपर्क कार्यक्रम माना जा रहा है। राहुल गांधी इस यात्रा के माध्यम से न सिर्फ बिहार में पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करेंगे, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर मतदाता अधिकारों के मुद्दे को भी केंद्र में लाने का प्रयास करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *