लगातार बारिश से कोटड़ा टापू बना, उदयपुर व सरूपगंज से संपर्क टूटा
Share
उदयपुर। 6 सितम्बर
क्षेत्र में शनिवार को हुई लगातार बारिश से नदियां उफान पर रही, जिससे कोटड़ा का उदयपुर, सरूपगंज और झाड़ोल से संपर्क पूरी तरह टूट गया। बिकरनी स्थित साबरमती बांध ओवरफ्लो होने से कोटड़ा-देवला-उदयपुर मार्ग बंद रहा। वहीं खाचन में वाकल नदी और मांडवा में सेई नदी के तेज बहाव से कोटड़ा-झाड़ोल मार्ग बाधित रहा। रोहिड़ा की सुकली और खजूरिया की साबरमती नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने पर सरूपगंज नेशनल हाईवे 927ए भी बंद करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण 252 गांवों में 22 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही। नदियों के तेज बहाव और जनसुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने जगह-जगह जवान तैनात किए। उपखंड अधिकारी हसमुख कुमार ने नदियों का निरीक्षण कर लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की।
इधर, मूसलाधार बारिश से सुलाव पुलिया पर पानी भर जाने से परीक्षार्थी परेशान हुए। कोटड़ा से आरपीएससी ग्रेड-2 परीक्षा देने उदयपुर रवाना हुई बस को पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से रोक दिया। इससे 100 से अधिक परीक्षार्थियों को समय पर सेंटर पहुंचने में मुश्किलें आईं। ग्रामीणों ने नदी का जलस्तर कम होने का इंतजार किया, वहीं प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
