LOADING

Type to search

सरकारी स्कूल के बच्चों का संस्कृत में संवाद विदेशी मेहमान को कर गया अभिभूत

Uncategorized

सरकारी स्कूल के बच्चों का संस्कृत में संवाद विदेशी मेहमान को कर गया अभिभूत

Share

एलीसन बरटर ऑस्ट्रेलिया जाकर सभी को बताएंगी देवगढ़ के बच्चों की प्रतिभा
लसानी, 11 जनवरी : राजसमंद जिले के देवगढ़ की सरकारी स्कूलों की बदलती तस्वीर अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी चमक बिखेरने लगी है। शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचार और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास ने ऑस्ट्रेलिया से आई मेहमान एलीसन बरटर को गहराई से प्रभावित किया। पिछले दस दिनों से देवगढ़ महल में ठहरी एलीसन पिछले दिनों रावत नर्सिंग राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचीं, जहां बच्चों की प्रतिभा देखकर वे दंग रह गईं।
विद्यालय भ्रमण के दौरान एलीसन ने सबसे पहले कंप्यूटर लैब का अवलोकन किया। छात्राओं को तकनीक का कुशलतापूर्वक उपयोग करते देख उन्होंने भविष्य की डिजिटल दुनिया को लेकर सवाल किए, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ सटीक उत्तर दिया। तकनीकी दक्षता के साथ-साथ जब छात्राओं ने संस्कृत में संवाद किया, तो यह पल एलीसन के लिए अविस्मरणीय बन गया। शुद्ध उच्चारण और सहजता से संस्कृत बोलतीं छात्राओं को सुनकर वे इतनी प्रभावित हुईं कि स्वयं भी संस्कृत के शब्द सीखने का प्रयास करने लगीं।
एलीसन ने मिड-डे मील, शैक्षणिक गतिविधियों और सरकारी नवाचारों की सराहना करते हुए हिंदी में बच्चों से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से वार्तालाप के बाद अपनी राय दी कि यहां की छात्राएं केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि तार्किक सोच और सामान्य ज्ञान में भी सशक्त हैं।
विद्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण ने एलीसन को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि छोटे नगर के सरकारी स्कूल में ऐसा आत्मविश्वास देखकर उन्हें खुशी महसूस हो रही है। ऑस्ट्रेलिया लौटकर वे देवगढ़ के इन होनहार बच्चों की कहानी सोशल मीडिया और वहां के मीडिया मंचों पर साझा करेंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *